‘कांग्रेस मुक्त भारत’ अभियान चलाने का हमें अधिकार है: शाह

Sunday, Jan 04, 2015 - 03:17 AM (IST)

बेंगलूर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि पार्टी को पूरा अधिकार है कि वह ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ अभियान चलाए। यह देश के संघीय ढांचे के खिलाफ नहीं है। शाह ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह अभियान हमें राज्यों के चुनाव जीतने में मददगार साबित हुआ है और आने वाले कर्नाटक के राज्य चुनाव में भी हमें इससे फायदा होगा।
 
उन्होंने कहा कि हम लोग कांग्रेस पार्टी को देश से खत्म नहीं करना चाहते हैं बल्कि हर राज्य में सत्ता से मुक्त करना चाहते हैं। शाह ने कहा कि पिछले वर्ष 1 नवम्बर को महा सदस्यता अभियान शुरू किया था जिसमें अब तक 2.95 करोड़ सदस्य बनाए जा चुके हैं। इसमें एक करोड़ सदस्य कर्नाटक में हैं जो कड़ी मेहनत से कांग्रेस को उखाड़ फैंकेंगे।
 
उन्होंने कहा कि मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ से देश को एक बड़ी सफलता मिलेगी। लोगों को ज्यादा से ज्यादा नौकरियां मिलेंगी तथा देश से बेरोजगारी दूर होगी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों के यू.पी.ए. के शासनकाल में नीतियों में जो अपंगता आई है उसे ‘गुड गवर्नैंस’ से दूर किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों में निर्णय लेने की क्षमता में बढ़ौतरी हुई है, यह एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि मोदी ने विदेशों में देश की छवि एवं मान-सम्मान बढ़ाया है। काले धन के मुद्दे पर भी विदेशों एवं विदेशी बैंकों से जिस तरह की प्रतिक्रिया मिल रही है ऐसा पहले कभी नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि ट्रांसपेरैंसी इंटरनैशनल की रिपोर्ट में भारत भ्रष्टाचार के मामले में 95वें से 85वें स्थान पर आ गया है। यह राजग के 6 महीने के कार्यकाल का परिणाम है।
Advertising