अब ‘हिम्मत’ करेगा महिलाओं की सुरक्षा

Friday, Jan 02, 2015 - 12:44 AM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े पहले एकीकृत मोबाइल एप्प (हिम्मत) की आज यहां शुरूआत की। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग और दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस. बस्सी भी मौजूद थे।

सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने में लगी है और अभी तक 15 हजार महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने इस मौके पर महिलाओं के लिए एक हैल्पलाइन नम्बर के विज्ञापन को भी जारी किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं पुलिस के व्हाट्सएप्प पर भी वीडियो अपलोड कर शिकायतें कर सकेंगी।

सरकार ने देश भर में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सभी राज्यों को पत्र लिखकर पुलिस बलों में महिलाओं की संख्या कम से कम 33 प्रतिशत करने की सलाह दी है।

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी करके पुलिस में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण करने के लिए कहा है।’’ उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस इस दिशा में पहल कर दूसरे प्रदेशों के लिए उदाहरण पेश करेगी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस में अभी महिलाओं की संख्या 7 प्रतिशत के करीब है।

बस्सी ने कहा कि इस एप्प से महिलाओं की सुरक्षा मजबूत होगी। एप्प को मोबाइल पर डाऊनलोड करके मुसीबत के समय पुलिस को अलर्ट किया जा सकेगा। मोबाइल फोन को विशेष तरीके से हिलाने या पावर बटन को 2 बार दबाने से पुलिस को पता चल जाएगा कि इस फोन का इस्तेमाल करने वाला मुसीबत में फंसा है।

उन्होंने कहा कि यह एप्प सीधे पुलिस नियंत्रण कक्ष से जुड़ा है और उसे इस तरह की जानकारी तुरंत मिल जाएगी। इसके बाद फोन की लोकेशन से घटना की जगह पर पहुंचा जा सकेगा। पुलिस नियंत्रण कक्ष अपनी इस प्रणाली को हर 10 सैकेंड में अपडेट करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में महिलाएं इस एप्प का इस्तेमाल करेंगी।

Advertising