फरिश्ता बने भारतीय सेना के जवान, भारी बर्फबारी में फंसे 1700 पर्यटकों को बचाया

Sunday, Dec 29, 2019 - 08:26 AM (IST)

गंगटोक: भारतीय सेना ने पूर्वी सिक्किम के नाथू ला में फंसे करीब 1,500 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि भारी बर्फबारी के चलते शुक्रवार शाम को 13 माइल और नाथू ला के बीच जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर गंगटोक से 300 वाहनों में आ रहे करीब 1,500 से 1,700 पर्यटक फंस गए थे। विज्ञप्ति में कहा गया कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत करीब 1,500 यात्रियों को निकाला गया और उनमें से 570 लोगों को 17वें माइल में सेना के शिविर में ठहराया गया है। 


इसमें कहा गया कि फंसे हुए पर्यटकों को खाना, गरम कपड़े और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। विज्ञप्ति में कहा गया कि बर्फ हटाने के लिए और संपर्क बहाल करने के लिए सेना के बुलडोजर एवं क्रेन की मदद ली जा रही है। सभी आगंतुकों के गंगटोक के सुरक्षित नहीं लौटने तक राहत अभियान जारी रहेगी। 


अधिकारी ने बताया कि जब पर्यटक वहां से निकल नहीं पाए तब भारतीय सेना तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि इस दौरान सेना को कम दृश्यता और खराब मौसम का सामना करना पड़ा। सभी पर्यटकों को भोजन, गर्म कपड़े और दवाईयां उपलब्ध कराई गई। सभी 1700 पर्यटकों को बचाया गया, जिसमें अधिकतर महिलाएं, बच्चों और बुजुर्ग शामिल हैं। वहीं, करीब 570 पर्यटकों को 17 माइल के आर्मी कैंप में ठहराया गया है।

shukdev

Advertising