गलवान घाटी में शहीद वीरों की याद में सेना ने जारी किया वीडियो, दिखाया शौर्य और पराक्रम

Tuesday, Jun 15, 2021 - 08:16 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प की आज पहली बरसी है। इस मौके पर भारतीय सेना ने वीर जवानों को याद करते हुए उनकी याद में एक वीडियो जारी किया है। यह वीडियो करीब पांच मिनट का हैं, जिसमें वीर भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम को दिखाया गया है कि कैसे दुर्गम और विषम परिस्थितियों में भी भारतीय सेना के जवान देश की सुरक्षा के लिए खुद को न्यौछावर करने को तैयार रहते हैं।


बताते चलें कि गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ पिछले साल 15 जून को भीषण झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे, जिसके बाद पूर्वी लद्दाख में संघर्ष के बिंदुओं पर दोनों सेनाओं ने बल और भारी हथियार तैनात किए थे। चीन ने फरवरी में आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया था कि भारतीय सेना के साथ संघर्ष में पांच चीनी सैन्य अधिकारी और जवान मारे गए थे, हालांकि व्यापक रूप से यह माना जाता है कि मरने वालों की संख्या अधिक थी।

सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में ‘‘अप्रत्याशित'' चीनी आक्रामकता का सामना करते हुए देश की क्षेत्रीय अखंडता की खातिर एक साल पहले अपने प्राण न्यौछावर कर देने वाले 20 जवानों की बहादुरी की मंगलवार को प्रशंसा की। सेना ने घातक झड़पों की पहली बरसी पर कहा कि जवानों का अत्यधिक ऊंचाई वाले ‘‘सबसे कठिन'' इलाके में दुश्मन से लड़ते हुए दिया गया यह सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृति में ‘‘सदैव अंकित'' रहेगा।

सेना ने ट्वीट किया, ‘‘जनरल एमएम नरवणे और भारतीय सेना के सभी रैंक के अधिकारी देश की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए लद्दाख की गलवान घाटी में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों को श्रद्धांजलि देते हैं। उनकी वीरता राष्ट्र की स्मृति में ‘‘सदैव अंकित'' रहेगी।'' 

 

Yaspal

Advertising