बर्फ में फंसे 10 लोगों के लिए सेना बनी देवदूत, जवानों ने रात को पांच घंटे पैदल चल निकाला

Monday, Nov 16, 2020 - 02:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी के चलते लोगों की परेशानियां बढ़ना शुरू हो गई है। रविवार को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पहलगाम के अलावा पुंछ, राजोरी और डोडा जिले के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। रात भर हुई बर्फबारी के कारण चिनगाम की ओर जाने वाले सिनथन पास पर लगभग 10 लोग फंस गए। बर्फबारी के चलते सभी रास्ते बंद हो चुके थे। दूर-दूर तक मदद के लिए कोई भी नहीं था।


सेना के जवानों को लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। जिसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने रात को ही एक टीम उनकी मदद के लिए भेजी। जीरो विजिबिलिटी यानि (शून्य दृश्यता) होने के बावजूद सेना और पुलिस की टीम फंसे हुए लोगों के पास पहुंचने के लिए एनएच 244 से उतरकर कई किलोमीटर तक पैदल चलती रही। करीब पांच घंटे लगातार पैदल चलने के बाद टीम उन तक पहंची।


वहां पहुंचने के बाद टीम ने बर्फबारी में फंसे 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इन 10 लोगों में सात पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। सेना के जवानों ने इन्हें  सिनथन मैदान तक लाकर पहले भोजन लाकर दिया और उसके बाद सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। जिसके बाद लोगों ने जवानों को धन्यवाद कहा, इस दौरान लोगों के चेहरों पर टीम के लिए सम्मान देखते ही बन रहा था।

rajesh kumar

Advertising