एरियनस्पेस छह फरवरी को जीसैट -31 को प्रक्षेपित करेगा

Friday, Feb 01, 2019 - 10:17 PM (IST)

बेंगलुरूः उपग्रहों का प्रक्षेपण करने वाली यूरोपीय कंपनी एरियनस्पेस के एक प्रक्षेपण यान के जरिए भारत अपने नवीनतम संचार उपग्रह जीसैट - 31 को छह फरवरी को फ्रेंच गुयाना से प्रक्षेपित करेगा। एरियनस्पेस के मुताबिक एरियन 5 (वीए 247) के जरिए यह प्रक्षेपण बुधवार को भारतीय समय के मुताबिक तड़के दो बजकर 31 मिनट पर होगा।

जीसैट - 31 का वजन 2535 किग्रा है। यह भारत की मुख्य भूमि और द्वीप समूहों को अपनी सेवा प्रदान करेगा। जीसैट -31 देश का 40 वां संचार उपग्रह है। अपने सफल प्रक्षेपण के बाद यह करीब 15 साल सेवा देगा।

यह टीवी अपलिंक, डिजिटल सैटेलाइट न्यूज एकत्रीकरण, डीटीएच टीवी सेवाएं आदि सेवाएं देगा। इसरो के मुताबिक यह उपग्रह भूस्थैतिक कक्षा में केयू बैंड ट्रांसपोंडर की क्षमता को मजबूत करेगा। 

 

Yaspal

Advertising