क्या आप भी यूज कर रहे हैं इंडक्शन चूल्हा? तो इन बातों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 01:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क: आजकल किचन में इंडक्शन चूल्हा तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। गैस की बढ़ती कीमतें या जल्दी खाना बनाने की जरूरत, दोनों ही कारणों से लोग इसे अपनाने लगे हैं। यह दिखने में आसान लगता है बस बर्तन रखें और खाना बनना शुरू हो जाता है। लेकिन अगर इसे सही तरीके से इस्तेमाल न किया जाए, तो छोटी-छोटी गलतियां इसकी उम्र घटा सकती हैं।
सही जानकारी के बिना इस्तेमाल से घटती मशीन की लाइफ
कई लोग बिना सही जानकारी के इंडक्शन का इस्तेमाल करते हैं, जिससे यह जल्दी खराब होने लगता है। जो लोग रोजाना इसका इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए कुछ बेसिक बातें समझना जरूरी है। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह लंबे समय तक सुरक्षित और सही तरीके से काम करता रहेगा।
खाना बनने के तुरंत बाद बंद करना नुकसानदेह
कुकिंग के तुरंत बाद इंडक्शन को बंद कर देना सबसे आम गलती है। खाना बनने के दौरान चूल्हा काफी गर्म हो जाता है और इसके अंदर लगे पार्ट्स को ठंडा होने में समय लगता है। अगर इसे तुरंत बंद कर दिया जाए तो गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और पार्ट्स पर असर पड़ता है। बेहतर यही है कि खाना बनने के बाद इसे कुछ मिनट तक चलने दें ताकि सिस्टम खुद को ठंडा कर सके।
प्लग तुरंत निकालना सही नहीं
कई लोग सुरक्षा के लिए खाना बनने के तुरंत बाद इंडक्शन का प्लग निकाल देते हैं। लेकिन ऐसा करना भी सही नहीं है। कुकिंग के बाद अंदर का फैन कुछ समय तक चलता रहता है और गर्मी को बाहर निकालता है। अगर प्लग तुरंत निकाल दिया जाए तो कूलिंग प्रक्रिया बीच में रुक जाएगी, जिससे मशीन की उम्र घट सकती है। इसलिए इंतजार करें और फैन के बंद होने के बाद ही प्लग निकालें।
साफ-सफाई और वेंटिलेशन पर दें ध्यान
इंडक्शन चूल्हे के साइड और नीचे छोटे वेंट्स होते हैं, जिनसे गर्मी बाहर निकलती है। अगर ये धूल या गंदगी से भर जाएं तो हवा का फ्लो रुक जाता है और चूल्हा ज्यादा गर्म हो सकता है। कई बार लोग इसे ऐसी जगह रखते हैं जहां हवा ठीक से नहीं पहुँचती। इसे खुले और साफ स्थान पर रखना और समय-समय पर वेंट्स की सफाई करना जरूरी है।
