APSSB Recruitment 2026: 10वीं पास के लिए बंपर सरकारी नौकरी! 984 पदों पर निकली भर्ती, जल्दी करें अप्लाई

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 05:53 PM (IST)

APSSB Recruitment 2026: अगर आप 10वीं पास हैं और सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए शानदार अवसर सामने आया है। अरुणाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड (APSSB) ने यूनिफॉर्म सर्विसेज के तहत कॉन्स्टेबल, फायरमैन और स्पेशल टाइगर गार्ड के पदों पर बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 984 पद भरे जाएंगे, जिससे युवाओं को पुलिस और वन विभाग में नौकरी पाने का सुनहरा मौका मिलेगा।

कब से कब तक कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 10 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद परीक्षा प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें लिखित परीक्षा संभावित तौर पर 10 मई 2026 को आयोजित की जा सकती है। वहीं फिजिकल टेस्ट (PET/PST) और ट्रेड टेस्ट 25 मई 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।

किन-किन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती के तहत कॉन्स्टेबल (IRBn), सिविल पुलिस (पुरुष और महिला), बैंड, बगलर, फायरमैन और स्पेशल टाइगर गार्ड जैसे पद शामिल हैं। अलग-अलग विभागों में इन पदों की संख्या तय की गई है, जिससे उम्मीदवार अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

सैलरी और सुविधाएं

इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को लेवल-3 पे मैट्रिक्स के तहत ₹21,700 से ₹69,100 तक की सैलरी दी जाएगी। इसके अलावा सरकारी नौकरी के तहत मिलने वाले अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी, जिससे यह भर्ती और भी आकर्षक बन जाती है।

योग्यता और फिजिकल स्टैंडर्ड

इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। बैंड और बगलर जैसे पदों के लिए संबंधित संगीत ज्ञान जरूरी होगा। शारीरिक मानकों की बात करें तो सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए हाइट लगभग 165 सेमी और महिला उम्मीदवारों के लिए 157 सेमी निर्धारित की गई है। स्पेशल टाइगर गार्ड और अन्य पदों के लिए अलग-अलग हाइट मानक तय किए गए हैं, जिनमें आरक्षित वर्गों को छूट भी दी जाएगी।

आयु सीमा क्या है

अधिकांश कॉन्स्टेबल पदों के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं फायरमैन और स्पेशल टाइगर गार्ड पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष तक रखी गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा, जिसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PST), ट्रेड टेस्ट, मेडिकल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शामिल हैं। सभी चरणों को पास करने वाले उम्मीदवारों को ही अंतिम रूप से चयनित किया जाएगा।

आवेदन शुल्क और प्रक्रिया

आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को ₹200 और APST उम्मीदवारों को ₹150 शुल्क देना होगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को APSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, इसके बाद लॉगिन कर फॉर्म भरना, दस्तावेज अपलोड करना और शुल्क जमा करना जरूरी है।

आवेदन से पहले ध्यान रखें ये बातें

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें और सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। अंतिम तारीख का इंतजार करने से बचें, क्योंकि उस समय वेबसाइट पर लोड बढ़ सकता है और फॉर्म भरने में परेशानी हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News