''मेरी हिम्मत की दाद दो, मैंने गृहमंत्री को मना कर दिया...'', भरे मंच से बोलीं दिल्ली CM रेखा गुप्ता

punjabkesari.in Wednesday, Mar 12, 2025 - 01:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार रात को शालीमार बाग क्लब सोसायटी में होली मिलन समारोह में भाग लेने पहुंची। जहां रेखा गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि यमुना नदी में बहुत जल्द एक छोटा क्रूज चलेगा और यह सेवा तीन-चार महीने में शुरू हो जाएगी। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बारे में एक दिलचस्प बयान भी दिया।
PunjabKesari
'मेरी हिम्मत की दाद दो...'
रेखा गुप्ता ने कहा, “मेरा गृह मंत्री जी से मिलने का समय था, लेकिन मैंने उन्हें मना कर दिया। मैंने कहा कि आज हमारे क्षेत्र में कार्यकर्ताओं का धन्यवाद समारोह है और मुझे उसमें शामिल होना है, इसलिए मैं नहीं आ सकती। मुझे कोई और समय दीजिए। आप सोचो मैंने गृहमंत्री जी को मना कर दिया, मेरी हिम्मत की दाद दो। जैसे ही रेखा गुप्ता ने यह बात कही, वहां पर मौजूद लोग हंसने लगे।”
PunjabKesari
एमओयू पर हस्ताक्षर
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की सफाई के लिए कार्यक्रम शुरू किया है और इस योजना के तहत यमुना में छोटे क्रूज चलाए जाएंगे। रेखा गुप्ता ने आगे बताया कि इस क्रूज सेवा के लिए दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण MoU (सहमति पत्र) पर हस्ताक्षर किए हैं। 

MoU पर की गई घोषणा
MoU के बारे में जानकारी देते हुए रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "दिल्ली सरकार जनहित में ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। मुझे गर्व है कि 2016 के अंतर्देशीय जलमार्ग अधिनियम के तहत यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के रूप में विकसित किया जाएगा, जो दिल्ली से प्रयागराज तक फैलेगा। इस परियोजना के तहत नदी परिवहन और पर्यटन सेवाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस पहल से जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और दिल्ली के आर्थिक और पर्यावरणीय विकास को गति मिलेगी। साथ ही यमुना किनारे रहने वाले लोगों की आजीविका में सुधार होगा।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News