प्रसार भारती बोर्ड में पांच अस्थायी सदस्यों की नियुक्ति, सलीम मर्चेंट को जगह
Tuesday, Jul 07, 2020 - 10:19 PM (IST)
नई दिल्लीः प्रसार भारती के बोर्ड में पांच अंशकालिक सदस्यों को नियुक्त किया गया है, जिनमें अनुभवी पत्रकार अशोक कुमार टंडन, संगीतकार सलीम मर्चेंट और भाजपा की शाइना एनसी शामिल हैं। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। सरकार प्रसार भारती बोर्ड के पुनर्गठन की प्रक्रिया में है क्योंकि बोर्ड के 13 में से नौ पद पिछले कुछ महीनों से खाली हो गए थे। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के आदेश में कहा गया कि नव नियुक्त अंशकालिक सदस्य हैं- सलीम मर्चेंट (कार्यकाल 22 नवंबर, 2021 तक); आलोक अग्रवाल (कार्यकाल 21 नवंबर, 2023 तक); शाइना एनसी (कार्यकाल 21 नवंबर, 2023 तक); संजय गुप्ता (कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 तक) और अशोक कुमार टंडन (कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 तक)।
Salim Merchant to be a member upto 22.11.2021, Alok Agrawal upto 21 .11.2023, Shaina NC upto 21.11.2023, Sanjay Gupta upto 22.11.2025 and Ashok Kumar Tandon upto 22.11.2025: Ministry of Information and Broadcasting, Government of India https://t.co/Awbau2oCFt
— ANI (@ANI) July 7, 2020
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मीडिया सलाहकार रहे टंडन पहले भी बोर्ड के सदस्य रहे थे। शाइना एनसी भाजपा की प्रवक्ता हैं, जबकि संजय गुप्ता दैनिक जागरण के प्रधान संपादक हैं और आलोक अग्रवाल मीडिया कर्मी हैं। उनकी नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी। आदेश में कहा गया कि उनकी नियुक्ति के नियम और शर्ते प्रसार भारती (भारतीय प्रसारण निगम) अधिनियम, 1990 तथा प्रसार भारती (भारतीय प्रसारण निगम) अध्यक्ष एवं पूर्ण कालिक एवं अंशकालिक सदस्यों का वेतन, भत्ते नियम, 2000, जो समय समय पर संशोधित होते रहे हैं, के प्रावधानों के अनुसार लागू होंगे।
शाइना एनसी ने अपनी नियुक्ति को लेकर ट्वीट किया, ‘‘सचमुच आभारी हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को प्रसार भारती के बोर्ड में मुझे नामांकित करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।'' सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और मंत्रालय को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘प्रसार भारती संचार और प्रसारण के केंद्र में है। इस भूमिका को मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाऊंगी।''
देश का लोक सेवा प्रसारक प्रसार भारती एक वैधानिक स्वायत्त निकाय है जो प्रसार भारती अधिनियम के तहत स्थापित किया गया है और 23 नवंबर, 1997 को अस्तित्व में आया था। प्रसार भारती में आकाशवाणी और दूरदर्शन टेलीविजन नेटवर्क शामिल हैं।