BP की नकली दवा की एक और खेप ओखला से बरामद, उत्तराखंड से हरियाणा-दिल्ली तक फैला है नेटवर्क
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 12:28 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली एवं गुरुग्राम एफडीए की टीम ने दिल्ली के ओखला स्थित एक परिसर में छापेमारी कर बीपी दवा 'टेल्मा-एएम' (Telma-AM) की 560 नकली स्ट्रिप बरामद की हैं। इसके साथ ही बिना किसी वैध इग लाइसेंस के रखी गईं 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाओं को भी जब्त किया गया है।
गुरुग्राम से जुड़ा था नेटवर्क
बता दें कि तीन दिन पहले हरियाणा खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में ब्लड प्रेशर की नकली दवाइयों की आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सुब्रत द्विवेदी और उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी जुबैर के रूप में हुई है। इसके बाद जांच में यह बात सामने आई कि ओखला स्थित यह परिसर बिना लाइसेंस के थोक विक्रेता (Wholesaler) के रूप में चलाया जा रहा था। यहीं से नकली टेल्मा-एएम टैबलेट्स की सप्लाई गुरुग्राम के विभिन्न मेडिकल स्टोरों में की जा रही थी।
दरअसल, 19 जुलाई की कार्रवाई से पहले एफडीए को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम में 'श्री बालाजी फोरम' नाम से संचालित एक थोक दवा एजेंसी के जरिए नकली दवाइयों की आपूर्ति की जा रही है। संबंधित एजेंसी के पास दवाओं का कारोबार करने के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस नहीं था। इससे बाद टीम ने छापेमारी कर नकली टेल्मा-एएम के 178 पत्ते बरामद किए थे।
उत्तराखंड में हो रहा दवाइयों का निर्माण
एफडीए अधिकारियों के अनुसार, नकली दवाओं की बिक्री की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीन अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई और मामले की जांच शुरू की गई। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नकली दवाइयों का निर्माण उत्तराखंड के रुड़की में किया जाता था और इसके बाद इन्हें लखनऊ के रास्ते हरियाणा, दिल्ली और अन्य इलाकों में पहुंचाया जाता था।
