Lok Sabha Elections 2024: तेलंगाना में BRS को एक और झटका, जहीराबाद से सांसद भीमराव पाटिल BJP में शामिल

Friday, Mar 01, 2024 - 07:37 PM (IST)

नेशनल डेस्कः तेलंगाना के जहीराबाद निर्वाचन क्षेत्र से भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सांसद भीमराव बसवंतराव पाटिल ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मणन, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, केन्द्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, वरिष्ठ नेता सुधाकर रेड्डी और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रत्यूष कंठ की उपस्थिति में पाटिल ने विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

तेलंगाना के प्रभारी महासचिव तरुण चुघ ने पाटिल का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि तेलंगाना में बीआरएस भ्रष्टाचार तथा वंशवाद की राजनीति कर रही है और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की कांग्रेस सरकार तीन महीने में ही जनता का विश्वास खो चुकी है। बीबी पाटिल के भाजपा में शामिल होने के बाद तेलंगाना में बीआरएस की भ्रष्टाचारी और वंशवादी राजनीति का अंत शुरु हो गया है और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने बीआरएस से मुक्ति ले ली है।

केन्द्रीय मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों से प्रभावित होकर पाटिल भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में काम करके पाटिल देश के विकास में योगदान करना चाहते हैं।

पाटिल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश को विकास के मार्ग पर आगे बढाया है। परिणामस्वरूप, पिछले 10 वर्षों में गरीबों का सशक्तीकरण हुआ है और देश की जनता, विशेषकर महिलाएं और युवाओं को उनकी कल्याणकारी नीतियों का लाभ मिला है। पाटिल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रही देश की विकास यात्रा में अपना योगदान देंगे और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगे।

Yaspal

Advertising