रात में कई घंटों तक नहीं मिला कोई साधन तो शख्स ने घर जाने के लिए चुरा ली बस

Thursday, Aug 11, 2022 - 02:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां पर एक शख्स को देर रात घर जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला तो उसने सरकारी बस ही चुरा ली। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर ने बस को सोमवार की रात वंगारा मंडल मुख्यालय में पार्क किया था। उसके बाद वह अपने घर सोने चला गया था। अगले दिन सुबह बस गायब मिली तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। 

कई घंटों की तलाशी के बाद सूचना मिली कि बस रेजीडी अमाडलवालासा मंडल (ब्लॉक) के मीसाला दोलापेटा में खड़ी है। वहां पहुंचकर पुलिस ने बस को बरामद कर लिया और कुछ संदिग्धों को घेर लिया। पूछताछ के दौरान चौधरी सुरेश ने कबूल किया कि उसने बस चोरी की थी। सुरेश ने पुलिस को बताया कि राजम से वह दूसरी बस से वंगारा आया था। यहां पहुंचने में उसे रात हो गई थी। वह बहुत देर तक खड़ा रहा लेकिन उसे अपने गांव पहुंचने के लिए कोई साधन नहीं मिला। उसे वहां खड़ी एक बस दिखी। उसने बस स्टार्ट की और उसे लेकर अपने घर आ गया। वह शराब के नशे में था इसलिए उसे कुछ समझ नहीं आया कि वह चोरी कर रहा है। 
 

Anil dev

Advertising