CM जगन मोहन रेड्डी ने दिया चंद्रबाबू नायडू का आलीशान बंगला तोड़ने का आदेश

Monday, Jun 24, 2019 - 12:51 PM (IST)

हैदराबादः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को 'प्रजा वेदिका' बिल्डिंग को तोड़ने का आदेश दिया है। जगन मोहन रेड्डी के आदेश के बाद अब इस बिल्डिंग तोड़ने का काम मंगलवार से शुरू होगा। चंद्रबाबू नायडू फिलहाल, 'प्रजा वेदिका' में ही रह रहे हैं। बीते दिनों चंद्रबाबू नायडू ने जगनमोहन रेड्डी को चिट्ठी लिखकर 'प्रजा वेदिका' को नेता प्रतिपक्ष का सरकारी आवास घोषित करने की मांग की थी। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की सरकार ने शनिवार को एन. चंद्रबाबू नायडू के अमरावती स्थित आवास प्रजा वेदिका को अपने कब्जे में ले लिया था।

तेलुगू देशम पार्टी ने इसे बदले की कार्रवाई करार देते आरोप लगाया कि रेड्डी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति कोई सद्भावना नहीं दिखाई और उनके सामान को भी घर से बाहर कर दिया। पूर्व नायडू सरकार ने प्रजा वेदिका का निर्माण आंध्र प्रदेश राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एपीसीआरडीए) के जरिए तत्कालीन मुख्यमंत्री आवास के रूप में किया था। पांच करोड़ रुपए में बने इस आवास का इस्तेमाल नायडू आधिकारिक कार्यों के साथ ही पार्टी की बैठकों के लिए करते थे।

नायडू ने इसी महीने की शुरुआत में जगन मोहन रेड्डी को पत्र लिखकर इस ढांचे का उपयोग बैठकों के लिए करने देने की इजाजत मांगी थी और अनुरोध किया था कि इस बिल्डिंग को नेता प्रतिपक्ष का आवास घोषित कर दे लेकिन रेड्डी सरकार ने शुक्रवार को ही इस पर कब्जा ले लिया था। नायडू इस समय परिवार के सदस्यों के साथ विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं।

Seema Sharma

Advertising