आंध्र प्रदेशः नाबालिग लड़की की हत्या करने वाला आरोपी फरार, पुलिस के अब भी हाथ खाली

punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2024 - 07:09 PM (IST)

नेशनल डेस्कः आंध्र प्रदेश पुलिस अनाकापल्ली जिले में एक नाबालिग लड़की की कथित तौर पर हत्या करने वाले 26 वर्षीय व्यक्ति की तलाश कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अनाकापल्ली के पुलिस अधीक्षक के वी मुरली कृष्ण ने कहा कि बी. सुरेश को गिरफ्तार करने के लिए 12 पुलिस दल गठित किए गए हैं। सुरेश पर जिले में रामबिली मंडल के केजी पालेम गांव में शनिवार शाम को 14 वर्षीय लड़की की हत्या करने का आरोप है। कृष्ण ने कहा, ‘‘सुरेश ने शनिवार शाम करीब छह बजे नाबालिग लड़की की हत्या की।'' उन्होंने बताया कि सुरेश लड़की के ‘‘प्यार में पागल'' था।

सूत्रों के अनुसार, सुरेश लड़की से शादी करना चाहता था और उसने यह तक वादा किया था कि वह उसके बालिग होने तक इंतजार करेगा लेकिन लड़की के परिवार वालों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। लड़की के परिवार ने अप्रैल में सुरेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसे रिमांड पर भी भेजा गया था। उस पर बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, वह जमानत पर बाहर आया और उसके मन में लड़की के प्रति द्वेष की भावना आ गई थी कि वह उसके जेल जाने तथा उसका प्रस्ताव ठुकराने के लिए जिम्मेदार है। उसने शनिवार को लड़की के घर में कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। लड़की को खून से लथपथ पाया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और सुरेश की तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News