बेंगलुरु : पब में पुलिस से हाथापाई के बाद IAS अधिकारी पर गिरी गाज, CM नायडू ने कर दिया तबादला

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 11:26 AM (IST)

अमरावती : बेंगलुरु के एक पब में पुलिसकर्मियों के साथ कथित हाथापाई के विवाद के बाद, आंध्र प्रदेश सरकार ने IAS अधिकारी विकास मरमत का तबादला कर दिया है। कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के तौर पर तैनात मरमत को अगली पोस्टिंग के लिए जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। चीफ सेक्रेटरी जी. साई प्रसाद द्वारा जारी सरकारी आदेश के अनुसार 2019 बैच के इस IAS अधिकारी का तबादला तत्काल प्रभाव से कर दिया गया है।

चीफ सेक्रेटरी ने चित्तूर जिले के कलेक्टर और डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट को KADA के प्रोजेक्ट डायरेक्टर का पद संभालने के लिए जरूरी व्यवस्था करने को कहा है। यह तबादला तब हुआ है, जब बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में मरमत और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इन पर आरोप है कि देर रात चेकिंग के दौरान इन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ हाथापाई की थी।
यह घटना 10 अक्टूबर को रात करीब 1.30 बजे बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित एक पब में हुई थी।

पुलिस की एक टीम बार और रेस्तरां में चेकिंग कर रही थी और ग्राहकों से उनकी उम्र की पुष्टि के लिए पहचान पत्र दिखाने को कहा। आरोप है कि मरमत और उनके साथियों ने पुलिस अधिकारियों से बहस की, उन्हें गालियां दीं और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की या उन्हें धमकी दी। पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके की शिकायत पर कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में मरमत और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अन्य आरोपियों की पहचान अभय उदय सिंह, नितेश और रोशन के रूप में हुई है।

शिकायत के अनुसार इन लोगों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, इंस्पेक्टर और उनके साथियों के साथ मारपीट की, उन्हें धमकी दी और पुलिस को अपना काम करने से रोका। भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य पालन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), और 3(5) (समान इरादा) के तहत FIR दर्ज की गई।

इस टकराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कथित तौर पर उस IAS अधिकारी के तबादले का आदेश दिया। मर्मत, चित्तूर जिले के कुप्पम (जो चंद्रबाबू नायडू का विधानसभा क्षेत्र है) के विकास के लिए जिम्मेदार निकाय में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में काम कर रहे थे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News