मुंबई : जन्मदिन का केक लाने में देरी से गुस्साए पति ने पत्नी और बेटे पर चाकू से किया हमला

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2024 - 12:51 AM (IST)

नेशनल डेस्क : मुंबई के साकीनाका इलाके में जन्मदिन पर केक लाने में हुई देरी से गुस्साए 45 वर्षीय पति ने कथित तौर पर पत्नी और बेटे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। साकीनाका पुलिस थाने के अधिकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान राजेंद्र शिंदे के रूप में हुई है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वह रविवार की घटना के बाद से फरार है।

अधिकारी ने बताया कि राजेंद्र शिंदे का जन्मदिन एक जून, शनिवार को था। लेकिन उनकी पत्नी अपने कार्यस्थल से देरी से निकलने के कारण उस दिन केक नहीं ला सकी थीं। वह अगले दिन दोपहर 12.15 बजे केक लाई थीं। उन्होंने बताया कि जन्मदिन का केक लाने में हुई देरी से नाराज राजेंद्र शिंदे ने अपनी पत्नी से बहस की और उसे गाली दी। जब दंपति के बेटे ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो राजेंद्र शिंदे ने गुस्से में चाकू से उसकी पसलियों के नीचे और छाती पर वार कर दिया। 

अधिकारी ने बताया कि जब रंजना शिंदे ने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की तो राजेंद्र शिंदे ने अपनी पत्नी की कलाई पर चाकू घोंप दिया। उन्होंने बताया कि इस हमले में दोनो घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रंजना को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि उसके बेटे का घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में इलाज जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News