अमित शाह दिसंबर तक बने रहेंगे भाजपा अध्यक्ष

Thursday, Jun 13, 2019 - 06:52 PM (IST)

नई दिल्लीः नव नियुक्त गृहमंत्री अमित शाह दिसंबर तक भाजपा अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा विधानसभा चुनावों में वह पार्टी का नेतृत्व करेंगे। भाजपा के पदाधिकारियों की शाह की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें पार्टी के संगठनात्मक चुनाव संबंधी चर्चा की गयी। बैठक में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में नया सदस्यता अभियान शुरू किया गया और 20 प्रतिशत नये सदस्य बनाने का फैसला किया गया है।

नए भाजपा अध्यक्ष के संबंध में पूछे गये प्रश्न के उत्तर में पार्टी नेताओं ने कहा कि सदस्यता अभियान संगठन के चुनावों की पहली प्रकृया है। सूत्रों ने बताया कि शाह के दिसंबर तक पार्टी अध्यक्ष के पद पर बने रहने की संभावना है ताकि वह इस वर्ष तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों का नेतृत्व कर सकें। अमित शाह ने 2014 के आम चुनावों में राज्य की जीत के शीघ्र बाद भाजपा अध्यक्ष का पद संभाला था। 31 मई को शाह के गृहमंत्री नियुक्त किये जाने के बाद नए भाजपा अध्यक्ष के चयन की अटकलें तेज हो गयी थी मगर अब ऐसा दिखाई देता है कि नया भाजपा अध्यक्ष अगले साल के शुरू में मिलेगा। 

 

shukdev

Advertising