अमित शाह भगवान राम की तरह- मनोज तिवारी

Monday, May 28, 2018 - 07:01 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की तुलना भगवान राम से की है। रविवार को समाजवादी पार्टी के नेता रामगोविंद चौधरी ने भाजपा की जमकर आलोचना करते हुए अमित शाह की तुलना रावण से की थी। मनोज तिवारी ने जवाब देते हुए कहा कि “उनका जनाधार खिसक गया है तो समाजवादी पार्टी के नेता इस तरह की उलूल-जलूल बात कर रहे हैं”।

तिवारी ने आगे कहा रावण अपने खिलाफ बोलने वाले किसी भी व्यक्ति को प्रताड़ित करता था, उसका यह ही चरित्र था। जबकि दूसरी तरफ भगवान राम उनकी आलोचना करने वालों को भी सुनते थे और उन्हें समझाने का प्रयास करते थे। अमित शाह ने सपा रामगोविंद चौधरी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कराई क्योंकि अमित शाह का चरित्र भगवान राम का चरित्र है, अमित शाह भगवान राम है।

दरअसल, इससे पहले रविवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी ने एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की तुलना रावण से करते हुए कहा था कि रावण बहुत बुद्धिमान था। उसमें अहंकार आ गया तो उसका समय खराब हुआ और उसके यहां कोई नहीं बचा। यही हाल अमित शाह का भी होना है। चौधरी ने आगे कहा कि आज भाजपा न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका सभी को अपने कब्जे में ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा वो सब काम कर रही है, जिससे समाज में तनाव की स्थिति बने।    

Yaspal

Advertising