70 साल से जिस शासन की राह देख रहा था देश, वो मोदी सरकार ने दिया: अमित शाह

punjabkesari.in Sunday, Apr 28, 2019 - 02:37 PM (IST)

सीतामढ़ीः भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनावी रैली को संबोधित करने सीतामढ़ी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण सब जगह मोदी-मोदी के नारे सुनाई दे रहे हैं। ये नारे देश की जनता इसलिए लगा रही है कि 70 साल से जिस शासन की राह देश देख रहा था, वो शासन मोदी सरकार ने दिया है। अमित शाह ने कहा कि वर्षों से पिछड़े वर्ग की मांग थी कि उन्हें संवैधानिक सम्मान मिलना चाहिए लेकिन कांग्रेस, आरजेडी ने कुछ नहीं किया। मोदी जी की सरकार ने पिछड़े वर्ग के सम्मान के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का काम किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी 18 घंटे तक काम करते हैं। मोदी जी ने आज तक एक भी छुट्टी नहीं ली। दूसरी ओर गठबंधन के नेता राहुल गांधी हैं जो हर तीसरे-चौथे महीने छुट्टी लेकर चले जाते हैं और उनकी मां भी ढूंढती रह जाती है कि बेटा कहां गया। शाह ने कहा कि बिहार को इस जंगलराज से मुक्ति नीतीश कुमार और सुशील मोदी जी की जोड़ी ने दी है। यूपीए की सरकार ने बिहार को 1 लाख 93 हजार करोड़ रुपए दिए थे। नरेन्द्र मोदी जी सरकार ने बिहार के विकास के लिए 5 साल में 6 लाख 6 हजार करोड़ रुपए से भी ज्यादा की धनराशि दी है।

अमित शाह ने कहा कि जब लालू-राबड़ी का और राहुल बाबा के परिवार का शासन चलता था, तब गरीब इलाज कराने के लिए बेबस था। गरीब के पास इलाज के लिए पैसे नहीं होते थे। आज आयुष्मान भारत योजना से देश के करीब 24 लाख लोगों का मुफ्त इलाज कराने का काम भाजपा की मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि हमने संपूर्ण गरीबी का उन्मूलन किया। बिहार के विकास का काम किया। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन के उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि कश्मीर में दूसरा पीएम होना चाहिए। ये चाहते हैं, कश्मीर भारत से अलग हो जाए। अगर कभी हमारी सरकार न भी रही तो भी जब तक भाजपा के एक भी कार्यकर्ता के शरीर में जान है तब तक कश्मीर को भारत से कोई अलग नहीं कर सकता। लालू-राबड़ी के राज में बिहार में गुंडागर्दी, जातिवाद, अपहरण, बलात्कार होते थे, तबादला उद्योग चलता था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News