अमित शाह की ममता को चुनौती- चाहे हो जाए गिरफ्तारी जरूर जाऊंगा बंगाल

Thursday, Aug 02, 2018 - 05:24 AM (IST)

नेशनल डेस्क: असम के नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (एनआरसी) पर मचे घमासान के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दी है। शाह ने बुधवार को कहा कि वह निश्चित रूप से कोलकाता जाएंगे, अगर ममता बनर्जी को उन्हे गिरफ्तार करवाना है तो करवा सकती हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे कोलकाता जाने की अनुमति दी जाती है कि नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं निश्चित रूप से कोलकाता जाऊंगा। बता दें कि अमित शाह 11 अगस्त को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। इस रैली के लिए भाजपा युवा मोर्चा द्वारा दो लाख युवाओं को एकत्रित करने का लक्ष्य दिया गया है। भाजपा के महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम पहले से तय था। अमित शाह कोलकाता में ममता बनर्जी पर निशाना नहीं साधेंगे बल्कि राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार पर हमला बोलेंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं को जागरूक करेंगे।

बता दें कि गत 30 जुलाई को एनआरसी का फाइनल ड्रॉफ्ट सार्वजनिक किया गया। इस ड्रॉफ्ट के मुताबिक नागरिकता के लिए आवदेन करने वाले 3.29 करोड़ लोगों में से 2.89 करोड़ लोगों को देश का नागरिक बताया गया है। इस ड्रॉफ्ट के अनुसार करीब 40-41 लाख लोगों की नागरिकता संदिग्ध हो गई है। ममता बनर्जी एनआरसी का ​कड़ा विरोध कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे देश में गृहयुद्ध की स्थिति पैदा हो जाएगी।

कोलकाता पुलिस ने अमित शाह की रैली को दी अनुमति  
वहीं कोलकाता पुलिस ने अमित शाह की 11 अगस्त को प्रस्तावित रैली को आज मंजूरी दे दी। भाजपा युवा मोर्चा ने आरोप लगाया था कि शाह की रैली को लेकर कोलकाता पुलिस की तरफ से उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है, जिसके कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने रैली को मंजूरी दे दी। कोलकाता पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि एक राजनीतिक दल को 11 अगस्त को अनुमति नहीं देने के सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों का हमें पता चला। यह स्पष्ट किया जाता है कि आग्रह पर रैली की अनुमति दे दी गई है।
 

vasudha

Advertising