दिल्ली चुनावः अमित शाह ने 8, केजरीवाल ने 9 बजे बुलाई बैठक

Saturday, Feb 08, 2020 - 08:16 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के सभी सांसदों की बैठक बुलाई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में दिल्ली चुनाव पर मंथन होगा। बता दें कि एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को एक तरफा बहुमत मिलता नजर आ रहा है। वहीं, पूर्व पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने 45 सीटें जीतने का दावा किया है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ट्वीट कर कहा कि सभी एग्जिट पोल फेल होंगे। भाजपा 48 सीटें जीतेगी। 

अरविंद केजरीवाल ने बुलाई बैठक
वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अपने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी में सरकार बनाने और मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चा हो सकती है। एग्जिट पोल देखने के बाद आम पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी की सरकार
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद आए तकरीबन सभी एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी (आप) की बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया है। ‘न्यूज एक्स' की ओर से जारी एग्जिट पोल के मुताबिक आप को 50 से 56 सीटें और भाजपा को 10 से 14 सीटें मिल सकती हैं। इसमें कांग्रेस का खाता नहीं खुलने का अनुमान लगाया गया है।

‘रिपब्लिक टीवी' के एग्जिट पोल बात आप 48-61, भाजपा 9-21 और कांग्रेस 0-1 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। इसी तरह ‘टाइम्स नाउ' के एग्जिट पोल के मुताबिक आप को 44 और भाजपा को 26 सीटें मिल सकती हैं। ‘टीवी9-सिसरो' के एग्जिट पोल के अनुसार आप को 54 , भाजपा 15 और कांग्रेस को एक सीट मिलने के आसार हैं। गौरतलब है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। मतगणना 11 फरवरी को होगी। 

Yaspal

Advertising