कर्नाटक पहुंचे अमित शाह, कहा- ‘अब की बार, भाजपा सरकार’

Saturday, Aug 12, 2017 - 08:18 PM (IST)

बेंगलुरू: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज अपने कर्नाटक दौरे के पहले दिन चुनावी बिगुल फूंकते हुए नारा दिया कि ‘अब की बार, भाजपा सरकार। साथ ही उन्होंने पार्टी के एकजुट रहने का दावा किया। गुटों में बंटी राज्य भाजपा इकाई में जोश भरने के इरादे से शाह आज तीन दिवसीय दौरे पर कर्नाटक पहुंचे और कहा कि राज्य भाजपा के प्रमुख बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में पार्टी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए तैयार है। केम्पे गौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि दोस्तों, हमारी पार्टी एकजुट है और आगामी दिनों में येदियुरप्पा जी के नेतृत्व में चुनावी लड़ाई में उतरने के लिए तैयार है, देखते रहिए हम राज्य में भाजपा की सरकार बनाएंगे।

पार्टी ने 150 से ज्यादा सीट जीतने का रखा लक्ष्य
कर्नाटक में इस वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसके लिए पार्टी ने 150 से ज्यादा सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। शाह ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जिस तरीके से पार्टी पिछले 5 वर्षों से कांग्रेस के भ्रष्टाचार, दमनात्मक और ध्रुवीकरण की नीति के खिलाफ लड़ती रही है, उसे देखते हुए महान राज्य कर्नाटक के लोगों ने भाजपा को सत्ता में लाने का निर्णय कर लिया है। हवाई अड्डे पर शानदार स्वागत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि वह कर्नाटक में अगली सरकार भाजपा की बनाने के लक्ष्य के साथ यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को यह महसूस कराने आया हूं कि वे ‘अबकी बार, भाजपा सरकार’ का संकल्प लें।

Advertising