अमरनाथ यात्रा: भंडारे के सेवादारों को भी यात्रा करने की अनुमति मिले

Monday, Apr 16, 2018 - 07:38 AM (IST)

जम्मू (कमल): श्री अमरनाथ यात्रा भंडारा ऑर्गेनाइजेशन (सायबो) ने राज्यपाल एन.एन. वोहरा से भंडारा संगठनों के सेवादारों को भी अमरनाथ यात्रा करने की अनुमति देने की मांग उठाई है। 


सायबो अध्यक्ष राजन कपूर की अगुवाई में नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड अध्यक्ष गवर्नर एन.एन. वोहरा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने लंगर संगठनों के लिए बोर्ड द्वारा जारी समर्थन की सराहना की और यात्रा 2018 से संबंधित एक ज्ञापन प्रस्तुत किया जिसमें पहलगाम और बालटाल में ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन काऊंटर खोलने, अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करने के लिए सूचीबद्ध डॉक्टरों की तैनाती, सक्षम डॉक्टरों द्वारा जारी मैडीकल प्रमाण पत्रों की स्वीकृति, दिन के लिए निर्धारित कोटा में गिरावट होने पर यात्रा करने वाली अगली तारीख के लिए यात्रा करने वालों को अनुमति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंगर में हजारों की संख्या में सेवादार हैं जिन्हें यात्रा करने की अनुमति नहीं है। इसके चलते कार्डों की संख्या बढ़ाकर उन्हें भी यात्रा करने की अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि पहलगाम और बालटाल बेस कैम्पों से 7500-7500 यात्रियों को यात्रा की अनुमति है लेकिन किसी दिन सभी यात्री बेस कैम्प में रिपोर्ट नहीं कर पाते जिसके चलते उन यात्रियों को अगले दिनों की यात्रा में शामिल करने की अनुमति प्रदान की जाए। 


राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उमंग नरूला को मांगों पर गौर करने के लिए कहा। प्रतिनिधिमंडल में महंत बीरेन्द्र दास, विजय प्रभाकर, अनिल पराशर, सोमनाथ गर्ग बरनाला, राजेश रावल, राकेश गोसाईं, अशोक शर्मा आदि शामिल थे। 

Niyati Bhandari

Advertising