मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी की कांग्रेस को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी थी: अमर सिंह

Thursday, Mar 09, 2017 - 06:05 PM (IST)

नई दिल्ली: निष्कासित सपा नेता अमर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और अन्य नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए हमलों की आज निंदा की। सिंह ने गुजरात चुनाव के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की आेर से मोदी के खिलाफ की गई ‘मौत का सौदागर’ टिप्पणी को याद किया और कहा कि उसकी पार्टी का बड़ी कीमत चुकानी पड़ी थी।  उन्होंने कहा कि नेताओं द्वारा अनर्गल बयानबाजी ने चुनाव प्रचार के स्तर में गिरावट आई। सिंह ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी और अखिलेश यादव जैसे सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मोदी बाहरी हैं।’’

 सपा से दो बार निष्कासित किए गए सिंह ने कहा, ‘‘मोदी ने गुजरात छोड़कर उत्तर प्रदेश से चुनाव लडऩे का फैसला किया। यदि क्षेत्रीय नेता क्षेत्रवाद का मुद्दा उठाएं तो ठीक है लेकिन यदि यह राष्ट्रीय नेताओं की आेर से उठाया जाता है तो यह अलग बात है।’’  उन्होंने राजद नेता लालू प्रसाद पर मोदी के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘‘लालूजी ने कहा कि मोदी का हेलीकाप्टर चुनाव के दौरान आसमान में कौओं और गिद्धों की तरह उड़ रहा है।’’  सिंह ने लालू को याद दिलाया कि उन्होंने ‘‘उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत चुनाव लडऩे का अधिकार खो दिया है।’’ 

उन्होंने सपा के राज्यसभा सांसद किरणमई नंदा पर भी निशाना साधा। पूर्व सपा नेता सिंह ने यह सवाल करते हुए कि मुलायम सिंह ने विधानभा चुनाव के दौरान प्रचार क्यों नहीं किया, कहा कि ‘‘किसी ने भी नेताजी को आमंत्रित नहीं किया क्योंकि सभी को अखिलेश से भय था।’’  सिंह को हाल में सपा से निष्कासित कर दिया गया था जब अखिलेश अपने पिता के स्थान पर पार्टी अध्यक्ष बन गए थे।  
 

Advertising