मुंबई में भारी बारिश का कहर, कल बंद रहेंगे सभी स्कूल और कॉलेज; कई फ्लाइट हुईं डायवर्ट

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2024 - 10:19 PM (IST)

मुंबईः मुंबई में आज शाम भारी बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं और कुछ उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। जलमग्न सड़कों पर वाहन धीमी गति से चले, जिससे देश की वित्तीय राजधानी के कई हिस्सों में यातायात जाम हो गया। मुंबई नगर निगम ने कल स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है। 

स्पाइसजेट, इंडिगो और विस्तारा ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि कुछ उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया है। विस्तारा ने कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण हैदराबाद से मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या यूके534 हैदराबाद लौट रही है और इसके रात 9.15 बजे हैदराबाद में उतरने की उम्मीद है। दिल्ली से मुंबई जाने वाली एक अन्य उड़ान यूके941 को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया है और इसके रात 9.10 बजे पहुंचने की उम्मीद है। 

स्पाइसजेट ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "मुंबई में खराब मौसम (भारी बारिश) के कारण सभी प्रस्थान/आगमन और उनकी परिणामी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखें।" 

बता दें पुणे, मुंबई समेत राज्य के कई जिलों में भारी बारिश शुरू हो गई है। बारिश की वापसी से कई शहरों में पानी भर गया है। पुणे में गरज और बिजली के साथ भारी बारिश हो रही है। इससे निचले इलाकों में भारी मात्रा में पानी जमा हो गया है। इसके चलते जाम लग गया है। मुंबई में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर पानी जमना शुरू हो गया है।  इस बारिश से यात्रियों को भी परेशानी हो रही है। दिल्ली से मुंबई आने वाली दो उड़ानों को हैदराबाद डायवर्ट कर दिया गया है। वहीं लोकल ट्रेनों में भी खचाखच भीड़ है। अभी अगले दो दिनों तक महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश की संभावना IMD ने जताई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News