दिल्ली में कोरोना पर सर्वदलीय बैठक, केजरीवाल बोले- मास्क नहीं पहनने पर 2000 रुपए जुर्माना

Thursday, Nov 19, 2020 - 03:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना वायरस पर बिगड़ती स्थिति पर चर्चा करने के लिए गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। सीएम केजरीवाल ने बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि अब जो बिना मास्क पहने घूमता नजर आया उस पर दो हजार रुपए जुर्माना लगेगा। बता दें कि पहले 500 रुपए जुर्माना था। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली वाले शायद भूल गए हैं कि जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं। बैठक में कांग्रेस ने बाजारों को बंद करने का विरोध किया है। कांग्रेस ने सार्वजनिक रूप से छठ पर प्रतिबंध नहीं लगाने के लिए दिल्ली सरकार को एक चिट्ठी भी दी है।

वहीं भाजपा ने कुप्रबंधन और बेड की संख्या में वृद्धि का मामला उठाया। केजरीवाल ने कहा कि आज सर्वदलीय बैठक में सभी दलों का सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि यह वक़्त राजनीति का नहीं बल्कि सेवा का है। सभी दलों से निवेदन किया कि वे अपने कार्यकर्त्ताओं से सभी सार्वजनिक स्थलों पर मास्क बंटवाएं। सभी दलों ने आश्वासन दिया कि वे राजनीति छोड़कर जनसेवा करेंगे। साथ ही केजरीवाल ने कहा कि इस बार दिल्ली में सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी लोोगं से अपील हैं कि इस बार छठ पूजा घर पर ही मनाएं। बता दें कि दिल्ली में 28 अक्तूबर के बाद से covid-19 के नए मामलों में काफी वृद्धि दर्ज की गई है। 28 अक्तूबर को रोज सामने आने वाले मामलों का आंकड़ा पहली बार 5,000 के पार कर गया था।

11 नवंबर को यह संख्या 8,000 का आंकड़ा पार कर गई थी। जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में एक दिन में कल सबसे ज्यादा 131 लोगों ने जान गंवाई। वहीं 24 घंटे में 7486 नए मामले दर्ज किए गए। देश में कोरोना का आंकड़ा 89 लाख 60 हजार के करीब पहुंच गया है। 24 घंटे में करीब 45 हजार नए मामले सामने आए हैं, जबकि इतने ही समय में करीब 49 हजार लोग रिकवर हुए हैं। बैठक के लिए आम आदमी पार्टी (AAP), भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के नेता शामिल हुए।

Seema Sharma

Advertising