कांग्रेस एक डूबता जहाज जिसे सब छोड़ रहे हैं : राजनाथ

punjabkesari.in Monday, Feb 13, 2017 - 11:29 PM (IST)

देहरादून: भाजपा में शामिल हुए बागी कांग्रेस नेताओं को ‘कूड़ा’ बताने के लिये कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी एक डूबता हुआ जहाज है जिसे सब छोड़ रहे हैं। प्रदेश में 15 फरवरी को होने वाले मतदान के लिये चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले यहां डोइवाला क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘एक कांग्रेस नेता ने कल कहा था कि भाजपा ने हमारी पार्टी का कूड़ा उठा लिया है।

अब वे (बागी नेता) हमारे साथ हैं तो आप उनकी तुलना कूड़े से कर रहे हैं। आपको समझ लेना चाहिये कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है जिसे हरेक छोड़कर जा रहा है।’’ कांग्रेस द्वारा भाजपा पर उनकी पार्टी में दल-बदल की साजिश रचने का आरोप लगाए जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में जो कुछ भी हुआ, उसके लिए भाजपा जिम्मेदार नहीं है। पिछले एक साल में 12 विधायकों के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘‘आपके साथ जो कुछ भी हुआ उसके लिये आपके अलावा और किसी को दोष नहीं दिया जा सकता।

आपकी अपनी नाव में छेद था जिसमें से पानी अंदर आ गया।’’ भाजपा को पांच साल सेवा का मौका देने के लिये जनता से आग्रह करते हुए सिंह ने कहा कि 2014 का लोकसभा चुनाव देश के चुनावी इतिहास में एक मोड़ था क्योंकि जनता ने पहली बार केंद्र में किसी गैर कांग्रेसी सरकार को पूर्ण बहुमत दिया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News