सामने आया आप का फर्जी सर्वे, विवादों में घिरी अलका लांबा

Friday, Aug 18, 2017 - 05:54 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली में चांदनी चौक क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अल्का लांबा बवाना विधानसभा उपचुनाव को लेकर कथित सर्वे शेयर करने से विवाद में फंस गई। लांबा ने एक समाचार चैनल के नाम का सर्वे अपने ट्विटर एकाउंट में साझा किया, जिसमें बवाना विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार रामचंद्र को कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों से काफी आगे दिखाया गया है।

भाजपा ने किया विरोध
टेलीविजन चैनल ने इस तरह का कोई सर्वे करवाने को पूरी तरह खारिज किया है। आप विधायक पहले भी कई बार विवादों में रह चुकी है। आप से निलंबित विधायक और पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा और भाजपा ने इस पर कड़ा एतराज जताया और चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही। भाजपा ने कहा है कि आप पहले की तरह लोगों को गुमराह करने में जुटी है। पार्टी पहले भी गोवा और पंजाब विधानसभा चुनाव में फर्जी सर्वे के जरिये मतदाताओं को भ्रमित करना चाहती थी, लेकिन वोटर उसके झांसे में दुबारा नहीं आये।

सर्वे के अनुसार- आप लोगों की पहली पसंद
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही केजरीवाल मीडिया को अपनी तरह से संचालित करने के प्रयास में जुटे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप बवाना उपचुनाव हार रही है और इसीलिए ऐसे हथकंडे अपनाने में जुटी हुई है। इस कथित सर्वे में आप उम्मीदवार को 48 प्रतिशत मतदाताओं की पसंद बताया गया है। कांग्रेस के सुरेन्द्र कुमार  को 29 और भाजपा के वेदप्रकाश को 23 प्रतिशत की पसंद बताया गया है। 

Advertising