अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- यूपी के भविष्य और लोकतंत्र के लिए सत्ता से हटाना जरूरी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 08:11 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि राज्य के भविष्य और आने वाली पीढ़ी की खुशहाली के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से हटाना लोकतंत्र के हित में है। सपा मुख्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यादव ने पार्टी के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था चौपट है और भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि इसलिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना ही एकमात्र उपाय है।

यादव ने कहा कि सपा पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग को एकजुट कर उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कोई नई योजना लागू करने में सफल नहीं रही और दिखावे के लिए भी उसके पास समाजवादी सरकार के समय शुरू किए गए काम ही हैं। यादव ने कहा कि हाल में जापान का एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ आया था और उसे 'वूमेन पावर डायल-1090' दिखाया गया, जिसे समाजवादी सरकार ने महिला सुरक्षा के लिए शुरू किया था।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ''नफरत की राजनीति'' कर समाज को बांटने की साजिश कर रही है और सत्ता में आने के बाद पार्टी ने जनहित में कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि महिला अपराध, कथित फर्जी मुठभेड़ और पुलिस हिरासत में मौतों के मामलों में उत्तर प्रदेश अव्वल है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं रोज अपमानित हो रही हैं, बच्चियों के साथ दरिंदगी हो रही है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिससे वे आत्महत्या करने को मजबूर हैं। यादव ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि लोगों को समय पर इलाज व शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा है, स्कूल बंद हो रहे हैं और पीडीए समाज पर अत्याचार किया जा रहा है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता में बने रहने के लिए समाज को बांटने और नफरत फैलाने का काम कर रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार के अब कुछ ही दिन बचे हैं और सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने तथा झूठी बयानबाजी करने में लगी है। यादव ने कहा, ''भाजपा के पाप का घड़ा भर गया है, जो कुछ ही दिन में फूटने वाला है।'' उन्होंने कहा कि सपा और पीडीए, जनता के सहयोग से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संकल्पित हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News