अखिलेश ने सरकार पर बोला हमला, कहा- बेरोजगारी बढ़ा कर आम लोगों के साथ अन्याय कर रही है भाजपा
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 05:12 PM (IST)
नेशनल डेस्क: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को अमेठी में भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बेरोजगारी, मजदूरों की स्थिति, भ्रष्टाचार, महिला आरक्षण और संविधान जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। सुल्तानपुर जाते समय अमेठी जिले के मुसाफिरखाना में एक निजी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर स्तर पर अन्याय हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बेरोजगारी बढ़ाकर आम नागरिकों के साथ अन्याय कर रही है। नोएडा में मजदूरों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि मजदूर लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि जब अन्य प्रदेशों में मजदूरी बढ़ सकती है तो यहां क्यों नहीं। यदि मजदूर नहीं आएंगे तो निवेश और उद्योग कैसे चलेंगे।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार संविधान पर भरोसा नहीं करती। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संस्थाओं और अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। पश्चिम बंगाल चुनाव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिर जीतेंगी। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग अन्य राज्यों में हिसाब मांग रहे हैं, उन्हें पहले उत्तर प्रदेश का हिसाब देना चाहिए।
उन्होंने नोटबंदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उसके बाद तहसील और थानों में भ्रष्टाचार बढ़ा है, क्योंकि लोगों में अनिश्चितता की भावना बनी हुई है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत स्पष्ट नहीं है। बिना क्षेत्र निर्धारण और आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए आरक्षण की बात करना केवल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान और सामाजिक न्याय की मूल भावना को कमजोर करना चाहती है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का सम्मान केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि समाज को अधिकार देने से होगा।
