अजीत सिंह ओडिशा के पहले लोकायुक्त नियुक्त

Monday, Mar 04, 2019 - 12:14 AM (IST)

भुवनेश्वरः गुवाहाटी उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह को ओडिशा का पहला लोकायुक्त नियुक्त किया गया है। ओडिशा सरकार ने यहां 12 फरवरी को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के लोकायुक्त का नाम तय किया था।

समिति के अन्य सदस्य विपक्ष के नेता नरसिंघ मिश्रा, विधानसभा अध्यक्ष पीके अमत, ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के एस झावेरी और उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत वकील अनांग पटनायक हैं। बैठक में लोकायुक्त का नाम तय करने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया और इसे अनुमोदन के लिए राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल के पास भेज दिया गया। शनिवार को राज्यपाल ने पद के लिए अजीत सिंह के नाम को मंजूरी प्रदान कर दी।

कौन हैं पूर्व अजीत सिंह
अजीत सिंह का जन्म छह सितंबर 1956 को हुआ और उन्होंने वर्ष 1979 में जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से वकालत की शुरुआत की। वह एक मार्च 2002 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश और 21 मार्च 2003 को स्थायी न्यायधीश नियुक्त किये गये। सिंह राजस्थान उच्च न्यायालय के भी न्यायधीश रहे और वहां से पांच मार्च 2016 को इनका स्थानांतरण कर गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। वह पांच सिंतबर 2018 को सेवानिवृत हुए थे।

गौरतलब है कि ओडिशा के मुख्य सचिव ए पी पाधि ने उच्च न्यायालय में दायर किये गये हलफनामे में कहा था कि 31 मार्च तक लोकायुक्त की नियुक्ति हो जाएगी और आठ मार्च तक वह काम करना शुरू कर देंगे। ओडिशा 14 फरवरी 2014 को इस संबंध में विधेयक पारित करने वाला देश का पहला राज्य बना था। तबसे वहां लोकायुक्त की नियुक्ति का मामला लंबित था जिसे पूरा होने में पांच वर्ष से अधिक का समय लग गया।

 

Yaspal

Advertising