Airport Lounge Alert: हवाई यात्री करने वालों का बढ़ेगा खर्च! 1 अप्रैल से बदल जाएगा लाउंज एक्सेस का नियम
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 12:22 PM (IST)
Airport Lounge New Rules: अगर आप भी हवाई यात्रा करते हैं और इस दौरान आप क्रेडिट या डेबिट कार्ड पर एयरपोर्ट लाउंज में फ्री में खाने- पीने और आराम का आनंद उठाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। जानकारी के लिए बता दें कि 1 अप्रैल 2026 से लाउंज एक्सेस के नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय हवाई अड्डों पर यात्रियों की संख्या में 15% की भारी बढ़ोतरी और लाउंज में बढ़ती भीड़ को देखते हुए बैंकों ने अब 'फ्री एंट्री' के दरवाजे सीमित कर दिए हैं।
अब 'खर्च' तय करेगा आपकी एंट्री
नए नियमों के मुताबिक, अब लाउंज एक्सेस पूरी तरह से Spend-based होगा। यानी अब सिर्फ कार्ड का होना काफी नहीं है, बल्कि आपको बैंक द्वारा तय की गई खर्च की सीमा को पूरा करना होगा। यदि आप अगली तिमाही में लाउंज सुविधा चाहते हैं, तो आपको पिछली तिमाही में ₹10,000 से ₹50,000 (कार्ड के प्रकार के आधार पर) खर्च करने होंगे। उदाहरण के लिए, जुलाई में लाउंज एक्सेस के लिए आपको अप्रैल, मई और जून में निर्धारित ट्रांजेक्शन करने होंगे। ऑनलाइन शॉपिंग, बिजली-पानी के बिल और ई-कॉमर्स खर्च इसमें शामिल होंगे। लेकिन याद रहे, ATM से कैश निकालना या डिजिटल वॉलेट में पैसे लोड करना इस खर्च की गिनती में नहीं आएगा।
डिजिटल होगा एक्सेस
बैंक अब फिजिकल कार्ड स्वाइपिंग की जगह डिजिटल वाउचर या QR कोड की ओर बढ़ रहे हैं। अब यात्रियों को बैंक के आधिकारिक ऐप से जेनरेट किया गया कोड दिखाना होगा। इसके अलावा, अब तक मिलने वाली 'एड-ऑन' (Supplementary) कार्ड्स की फ्री सुविधा भी छीनी जा सकती है; अब यह केवल प्राइमरी कार्डधारक तक ही सीमित रहने की संभावना है।
ट्रैवल इंश्योरेंस बनेगा 'प्लान-बी'
अगर आपका कार्ड खर्च की शर्त पूरी नहीं कर पाता है, तो ट्रैवल इंश्योरेंस एक नया विकल्प बनकर उभरा है। यदि आपकी फ्लाइट 3-4 घंटे लेट होती है, तो कई प्रीमियम इंश्योरेंस पॉलिसियां आपको मुफ्त लाउंज वाउचर देती हैं। तकनीकी देरी होने पर लाउंज में किए गए खर्च का Repayment भी इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम किया जा सकता है।

