रूस से जारी तनातनी के बीच यूक्रेन से 242 भारतीयों को लेकर नई दिल्ली पहुंचा एअर इंडिया का विमान

Wednesday, Feb 23, 2022 - 02:26 AM (IST)

नई दिल्लीः यूक्रेन और रूस के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच एअर इंडिया का एक विमान पूर्वी यूरोपीय देश से करीब 242 भारतीयों को लेकर मंगलवार रात दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। उड़ान संख्या एआई 1946 देर रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। इसने कीव में बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शाम करीब छह बजे (भारतीय समयानुसार) उड़ान भरी। 

विमानन कंपनी ने भारतीयों को लाने के लिए एक बोइंग 787 विमान का परिचालन किया, जिसने सुबह यूक्रेन के लिए उड़ान भरी थी। इससे एक दिन पहले, एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-1947 ने नई दिल्ली से भारतीय समयानुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे उड़ान भरी थी, जो यूक्रेन में कीव स्थित हवाई अड्डे पर अपराह्न करीब तीन बजे पहुंची। 

विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने रात लगभग 9.46 बजे कहा था कि विभिन्न राज्यों के करीब 250 भारतीय मंगलवार रात यूक्रेन से दिल्ली लौट रहे हैं। उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि यूक्रेन से लौटने वाले भारतीयों की मदद के लिए आने वाले दिनों में और अधिक उड़ानें परिचालित की जाएंगी। 

 

 

Pardeep

Advertising