Air India ने कर्मचारियों के लिए लागू की नई पॉलिसी, इकोनॉमी क्लास में सफर करने का दिया आदेश

punjabkesari.in Tuesday, Apr 15, 2025 - 11:52 AM (IST)

नेशनल डेस्क. एयर इंडिया ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नई यात्रा पॉलिसी लागू की है, जिसके तहत सभी कर्मचारियों को अब इकोनॉमी क्लास में यात्रा करने का आदेश दिया गया है। इस बदलाव का असर 1 अप्रैल से लागू हो चुका है। अब एयरलाइन के कर्मचारियों को प्रीमियम सीटों, जैसे कि बिजनेस क्लास या प्रीमियम इकॉनमी में यात्रा करने के लिए कुछ विशेष शर्तों का पालन करना होगा।

क्या है नया नियम?

पहले एयर इंडिया के कर्मचारियों को बिजनेस क्लास में यात्रा करने की अनुमति थी, लेकिन अब यह नियम बदल गया है। अब कर्मचारियों को प्रीमियम इकॉनमी या बिजनेस क्लास में अपग्रेड करने के लिए यह सुनिश्चित करना होगा कि सीटें सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध हों। इसके बाद ही एयरलाइन के कर्मचारियों को अपग्रेड का लाभ मिलेगा।

इस बदलाव का असर CEO सीनियर अधिकारियों और सीनियर कमांडरों पर भी होगा। अब इन सभी कर्मचारियों को भी इकोनॉमी क्लास में ही यात्रा करनी होगी। यह पॉलिसी चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी:

1 अप्रैल से टॉप मैनेजमेंट (वाइस प्रेसिडेंट और उससे ऊपर के अधिकारी) को इकोनॉमी क्लास में यात्रा करनी होगी।

1 जून से सीनियर कमांडर भी इस नियम के तहत इकोनॉमी क्लास में सफर करेंगे।

क्यों बदला यह नियम?

इस बदलाव के पीछे एक बड़ा कारण यह है कि हाल के दिनों में प्रीमियम क्लास सीटों की मांग बहुत बढ़ गई है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए एयर इंडिया ने यह कदम उठाया है। इस फैसले का उद्देश्य एयरलाइन की सर्विस और यात्री अनुभव को बेहतर बनाना है। इसके अलावा एयर इंडिया ने प्रीमियम क्लास सीटों की संख्या को बढ़ाने का भी ऐलान किया है। अब एयरलाइन के A320 नैरो-बॉडी विमानों में हर हफ्ते 50,000 प्रीमियम इकोनॉमी सीटें उपलब्ध होंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News