ATF की बढ़ती कीमतों का असर, Air India, Air India Express और Akasa Air ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 07:52 PM (IST)

नई दिल्ली: एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर भी पड़ने लगा है। Air India और Air India Express ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया है। वहीं, Akasa Air ने भी घरेलू और कुछ चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर फ्यूल सरचार्ज लागू करने का ऐलान किया है। नए चार्ज 9 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगे।

Air India और Air India Express की घरेलू उड़ानों में दूरी के आधार पर फ्यूल सरचार्ज तय किया गया है। 0 से 500 किलोमीटर तक के रूट पर यात्रियों से 400 रुपये, 501 से 1,000 किलोमीटर के लिए 600 रुपये, 1,001 से 1,500 किलोमीटर के लिए 850 रुपये और 1,501 से 2,000 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी वाले रूट पर 1,200 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी सरचार्ज में बदलाव किया गया है। नॉर्थ अमेरिका की उड़ानों पर 215 अमेरिकी डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के लिए 210 डॉलर, यूरोप और यूके के लिए 135 डॉलर तथा वेस्ट एशिया और मिडिल ईस्ट के रूट पर 55 डॉलर का फ्यूल सरचार्ज लागू होगा। एयरलाइंस ने कहा है कि फ्यूल की कीमतों में बदलाव को देखते हुए इन चार्ज की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।

Akasa Air ने भी लगाया फ्यूल सरचार्ज

ATF की बढ़ती लागत के बीच Akasa Air ने भी घरेलू और कुछ चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का फैसला किया है। यह चार्ज 9 अक्टूबर 2026 को रात 12:01 बजे के बाद की गई नई बुकिंग पर लागू होगा। Akasa Air की घरेलू उड़ानों में 500 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 375 रुपये का सरचार्ज लगेगा। 501 से 1,000 किलोमीटर के रूट पर यह 600 रुपये, 1,001 से 1,500 किलोमीटर के लिए 900 रुपये और 1,501 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी के लिए 1,150 रुपये होगा। कुछ चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी 2,500 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया गया है। इसमें भारत और कुवैत, कतर, सऊदी अरब, UAE, थाईलैंड तथा वियतनाम के बीच संचालित कुछ उड़ानें शामिल हैं।

IndiGo भी पहले बढ़ा चुका है फ्यूल चार्ज

इससे पहले IndiGo ने भी ATF की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अपने फ्यूल चार्ज में बदलाव किया था। एयरलाइन ने 6 अक्टूबर 2026 को रात 12:01 बजे से की गई नई बुकिंग पर संशोधित चार्ज लागू किया। IndiGo के अनुसार, पिछले महीने की तुलना में ATF की कीमतों में 14 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। एयरलाइन ने कहा कि फ्यूल की लगातार बढ़ती लागत और पश्चिम एशिया में हालिया भू-राजनीतिक घटनाओं के कारण ATF की कीमतें पिछले दशक के ऊंचे स्तरों में पहुंच गई हैं। IndiGo की घरेलू उड़ानों में 500 किलोमीटर तक के रूट पर 375 रुपये, 501 से 1,000 किलोमीटर पर 600 रुपये, 1,001 से 1,500 किलोमीटर पर 900 रुपये और 1,501 से 2,000 किलोमीटर के बीच 1,150 रुपये का फ्यूल चार्ज लागू है। वहीं, 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले घरेलू रूट पर 1,300 रुपये का चार्ज लिया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए चार्ज दूरी और गंतव्य के आधार पर अलग-अलग निर्धारित किया गया है। ATF की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते प्रमुख एयरलाइंस द्वारा फ्यूल सरचार्ज बढ़ाए जाने से आने वाले दिनों में हवाई यात्रा का कुल किराया बढ़ने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News