दिल्ली: डॉ. रणदीप गुलेरिया को मिला एक्सटेंशन, अगले तीन महीने तक बने रहेंगे AIIMS के डायरेक्टर

Wednesday, Mar 23, 2022 - 03:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) के निदेशक रणदीप गुलेरिया का कार्यकाल तीन महीने तक तथा नए निदेशक की नियुक्ति होने तक के लिए बढ़ा दिया गया है। बुधवार को एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गयी। यह आदेश संस्थान के अध्यक्ष तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुलेरिया के पांच साल के कार्यकाल समाप्त होने से दो दिन पहले जारी किया। वह 24 मार्च को सेवानिवृत होने वाले थे।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, देश के करीब तीस से ज्यादा सर्वश्रेष्ठ चिकित्सक इस प्रतिष्ठित पद के लिए रेस में हैं, जिसमें भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मौजूदा महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव तथा स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक डॉक्टर सुनिल कुमार शामिल हैं। इस पद के लिए आवेदन करने वालों में इसके ही सर्वश्रेष्ठ चिकित्सक शामिल हैं, जिसमें एम्स के ट्रोमा केंद्र के अध्यक्ष डॉक्टर रजनीश मल्होत्रा, प्रोफेसर और एंडोक्रिनोलॉजी विभाग प्रमुख डॉक्टर निखिल टंडन तथा न्यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉक्टर एम वी पदम श्रीवास्तव हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एम्स के नए निदेशक की नियुक्ति के लिए चार सदस्ययी चयन समिति का गठन किया है। इस समिति में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, जैव-प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव राजेश एस गोखले, केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के विजय राघवन तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह शामिल हैं। 

 

rajesh kumar

Advertising