2019 चुनाव से पहले राहुल गांधी की टीम में हुआ बड़ा बदलाव

Tuesday, Aug 21, 2018 - 03:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए आज मोतीलाल वोरा के स्थान पर वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने वोरा को महासचिव (प्रशासन) की जिम्मेदारी सौंपी है। राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी के स्थान पर लुईजिन्हो फ्लेरियो को पूर्वोत्तर के राज्यों (असम को छोड़कर) का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है। फ्लेरियो गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री हैं।    

वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य शमिल किया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने एक बयान में कहा कि राहुल गांधी ने अहमद पटेल को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही मोतीलाल वोरा को महासचिव (प्रशासन) बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी बतौर कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की कड़ी मेहनत और योगदान की सराहना करती है।

वोरा पिछले 17 वर्षों से पार्टी के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे पटेल को कोषाध्यक्ष बनाए जाने को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को पूर्वोत्तर प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जोशी राजस्थान विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और इसी के मद्देनजर उनको राष्ट्रीय संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।   
   

बता दें कि अहमद पटेल राजनीतिक महकमें में कांग्रेस के 'चाणक्य' के रूप में जाने जाते हैं। वह  सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार हैं। माना जाता है कि अहमद पटेल ने ही सोनिया गांधी को भारतीय राजनीति में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी। 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस की हार हो गई थी, तो पटेल चुनाव जीतकर संसद पहुंचने में कामयाब रहे थे। 

vasudha

Advertising