अगस्ता वेस्टलैंड स्कैमः CBI ने भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख SP त्यागी से की पूछताछ

Monday, May 02, 2016 - 02:38 PM (IST)

नई दिल्ली: सी.बी.आई. ने 3,600 करोड़ रुपए के अगस्तावेस्टलैंड VVIP हेलीकॉप्टर सौदे में हुए कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में आज भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एस.पी. त्यागी से पूछताछ की। त्यागी पूछताछ के लिए सुबह लगभग दस बजे सी.बी.आई. मुख्यालय पर पहुंचे।

भारतीय उच्च न्यायालय के समकक्ष माने जाने वाली मिलान कोर्ट ऑफ अपील्स ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी है कि हेलीकॉप्टर निर्माता फिनमेकेनिका और अगस्तावेस्टलैंड ने किस तरह से इस सौदे को करने के लिए बिचौलियों के जरिए भारतीय अधिकारियों को रिश्वतें दी थीं। आदेश में कई स्थानों पर त्यागी का नाम आया है।

सी.बी.आई. ने त्यागी और उनके रिश्तेदारों एवं यूरोपीय बिचौलियों समेत 13 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वायुसेना के पूर्व प्रमुख के खिलाफ आरोप था कि उन्होंने हेलीकॉप्टर की उड़ान की ऊंचाई को 6000 मीटर से घटाकर 4500 मीटर कर दिया था, जिसकी वजह से अगस्तावेस्टलैंड बोली लगाने में शामिल की जा सकी थी।

Advertising