शादीशुदा महिला के प्रेमी का दावा- मैंने उसे मिलने बुलाया और... उड़ गए पुलिस के होश
punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 12:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क। आगरा के ताजगंज क्षेत्र के पचगाईं खेड़ा गांव से 5 फरवरी को लापता हुई 37 वर्षीय महिला फिजा की हत्या 24 फरवरी की रात को कर दी गई थी। ताजगंज पुलिस ने इस हत्या के आरोप में फिजा के प्रेमी भीमसेन यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला का गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को एक सूखे कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने शव के अवशेष बरामद किए और मामले की जांच में जुटी हुई है।
पिता की शिकायत पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार फिजा के पिता सिदारी ने 8 फरवरी को ताजगंज थाने में अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। सिदारी ने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया था और फिर लापता कर दिया था। पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू की और पाया कि फिजा के पति सेठी का दिल्ली में काम करने वाला एक परिवार था जिसमें फिजा और भीमसेन के रिश्ते थे।
यह भी पढ़ें: चेक बाउंस मामले में इस कांग्रेसी MLA समेत तीन लोग दोषी करार, ठोका इतने का जुर्माना!
प्रेम संबंधों के कारण परिवार में विवाद
फिजा और भीमसेन के बीच पिछले एक साल से संबंध थे जिसके कारण फिजा के घर में लगातार विवाद हो रहा था। पूछताछ में फिजा के पति सेठी ने बताया कि फिजा को भीमसेन लेकर गया था। इसके बाद पुलिस ने फिजा के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली जिसमें सबसे ज्यादा बातचीत भीमसेन से हुई थी। फिजा का मोबाइल पहले बंद था और बाद में उसकी लोकेशन संभल में मिली जिसके बाद पुलिस टीम ने संभल पहुंचकर भीमसेन को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: यह कैसा शादी का कार्ड... देखकर लोग हुए हैरान! बोले- ‘ऐसा कैसे हो सकता है?’"
हत्या की कबूलियत और शव की बरामदगी
भीमसेन से पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने 24 फरवरी को फिजा को मार डाला। आरोपी ने बताया कि 4 फरवरी को वह फिजा को लेकर दिल्ली चला गया था लेकिन 24 फरवरी को वह आगरा लौट आया। उसने फिजा को गांव नौबरी के एक खंडहर में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर शव को पास के सूखे कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से शव के अवशेष बरामद किए हैं जिनका डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।