सुहागरात पर पति ने की Virginity Test कराने की मांग, फिर नवजात को उल्टा लटकाया और फिर...
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 10:14 AM (IST)
Agra Dowry Harassment Case : ताजनगरी के दयालबाग क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और अपने कुछ दिन के मासूम बच्चे के साथ क्रूरता करने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने फरीदाबाद निवासी पति सहित अन्य ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शादी की पहली रात से शुरू हुआ टॉर्चर
पीड़िता का विवाह 26 जून 2022 को फरीदाबाद (हरियाणा) के निवासी अनुराग सतसंगी से हुआ था। युवती का आरोप है कि शादी में करीब 40 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद उसका पति खुश नहीं था। शादी की पहली ही रात (सुहागरात) पर पति ने उसके चरित्र पर सवाल उठाए और उससे पवित्रता की जांच (Virginity Test) कराने की मांग की।
मासूम को उल्टा लटकाकर पीटा, कहा- यह नाजायज है
टॉर्चर का सिलसिला यहीं नहीं रुका। पीड़िता ने जो आरोप लगाए हैं वे किसी के भी रोंगटे खड़े कर सकते हैं। जब दिसंबर 2022 में वह गर्भवती हुई तो पति ने बच्चे को अपनाने से इनकार कर दिया और उसे किसी और का बच्चा बताकर लांछन लगाया।
जुलाई 2023 में जब बेटे का जन्म हुआ तो ससुराल पहुंचने पर सास-ससुर और ननद बच्चे को अंदर कमरे में ले गए। जब बच्चा बुरी तरह रोने लगा तो मां ने खिड़की से देखा कि सास-ससुर नवजात को पैर पकड़कर उल्टा लटकाए हुए थे और उसे पीट रहे थे। वे उसे नाजायज कह रहे थे। विरोध करने पर पीड़िता को नवजात बच्चे के साथ आधी रात को घर से बाहर निकाल दिया गया।
40 लाख खर्च करने के बाद भी 20 लाख और फ्लैट की मांग
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद से ही उससे कार, फ्लैट और नकदी की मांग की जा रही थी। सत्संग के नाम पर भी उनसे लाखों रुपये वसूले गए। जुलाई 2025 में भी दयालबाग मंदिर में समझौते की कोशिश के दौरान पति ने ₹20 लाख और फ्लैट की मांग दोहराई और धमकी दी।
पुलिस की कार्रवाई
समझौते के तमाम प्रयास विफल होने के बाद पीड़िता ने डीसीपी सिटी से गुहार लगाई। पुलिस ने पति अनुराग सतसंगी, ससुर हजूर शरण, सास पूनम और ननद अर्शा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर न्यू आगरा के मुताबिक आरोपों की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और निष्पक्ष जांच जारी है।
