रामायण और महाभारत के बाद अब दूरदर्शन पर इस शो की होगी वापसी, रामानंद सागर ने किया था निर्देशन

Thursday, Apr 23, 2020 - 08:11 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कोरोना वायरस महामारी के चलते पूरे देश में लॉकडाउन का दूसरा चरण लागू है। ऐसे में दूरदर्शन पुराने और ऐतिहासिक टीवी शोज का प्रसारण कर लोगों के मनोरंजन में कोई कसर नहीं रखना चाहता। लॉकडाउन के पहले चरण में रामायण, महाभारत, चाणक्य, शक्तिमान जैसे शोज की वापसी हुई है। इनमें रामायण और महाभारत को दर्शकों ने ने खूब पसंद किया है। अपने इसी आइडिया को कामयाब पाकर अब दूरदर्शन ने अपने पिटारे से एक और तोहफा दर्शकों के लिए निकाला है। दूरदर्शन पर अब 'श्री कृष्‍णा' सीरियल की वापसी होने जा रही है।

बता दें कि 'रामायण' के साथ ही 'श्री कृष्‍णा' का निर्देशन भी रामानंद सागर ने ही किया था। प्रसार भारती ने थोड़ी देर पहले इस बारे में जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है। श्री कृष्‍णा का प्रसारण डीडी नेशनल पर किया जाएगा। इसकी जानकारी खुद डीडी नेशनल ने भी अपने ट्विटर अकाउंट से दी है। बता दें कि रामानंद आर्ट्स के प्रोडक्‍शन में बना ये सीरियल सबसे पहले 1993 में दूरदर्शन के मेट्रो चैनल पर प्रसारित हुआ था और बाद में 1996 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था।


रामायण और महाभारत के बाद कई लोगों ने पिछले कुछ दिनों से श्री कृष्‍णा के फिर से प्रसारण की मांग दूरदर्शन और प्रसार भारती के सामने रखी थी। ऐसे में लगता है कि प्रसार भारती ने दर्शकों की ये मांग भी सुन ली है।

कोरोना वायरस के चलते पूरे देश में 25 मार्च से 21 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया था, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाकर 3 मई कर दिया है। ऐसे में लॉकडाउन की शुरुआत से ही दूरदर्शन ने अपने पुराने शोज की वापसी का ऐलान कर दिया था और उनकी ये तरकीब काफी फायदेमंद साबित हुई।

 

 

Yaspal

Advertising