अयोध्या फैसले के बाद चीफ जस्टिस गोगोई ने चारों जजों संग किया डिनर

Sunday, Nov 10, 2019 - 09:15 AM (IST)

नई दिल्ली: ऐतिहासिक अयोध्या विवाद पर फैसला सुनाने के बाद मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई ने अपने सभी सहयोगी जजों को डिनर पर बुलाया है। सी.जे.आई. रंजन गोगोई ने अगले चीफ जस्टिस एस.ए. बोबडे, जस्टिस अब्दुल नजीर, जस्टिस डी.वाई. चंद्रचूड़ और जस्टिस अशोक भूषण के साथ शनिवार को डिनर पार्टी का आयोजन किया। 40 दिन लगातार सुनवाई और फैसला लिखने के बाद सी.जे.आई. रंजन गोगोई ने सभी सदस्य जजों के लिए होटल ताज मान सिंह में पार्टी का आयोजन किया।

 

बता दें कि शनिवार को सुप्रीम कोर्ट ने पांच सौ साल से अधिक पुराने अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद का पटाक्षेप करते हुए विवादित भूमि श्रीराम जन्मभूमि न्यास को सौंपने और सुन्नी वक्फ बोर्ड को मस्जिद के निर्माण के लिए अयोध्या में ही उचित स्थान पर पांच एकड़ भूमि देने का निर्णय सुनाया। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने यह फैसला सुनाते हुए कहा कि विवादित भूमि श्रीराम जन्मभूमि न्यास को दी जाएगी तथा सुन्नी वक्फ को बोर्ड अयोध्या में ही पांच एकड़ वैकल्पिक जमीन उपलब्ध करायी जाए।

 

गर्भगृह और मंदिर परिसर का बाहरी इलाका राम जन्मभूमि न्यास को सौंपा जाए। पीठ ने कहा है कि विवादित स्थल पर रामलला के जन्म के पर्याप्त साक्ष्य हैं और अयोध्या में भगवान राम का जन्म हिन्दुओं की आस्था का मामला है और इस पर कोई विवाद नहीं है।

Seema Sharma

Advertising