राहुल गांधी और कांग्रेस के बाद अब विजय माल्या का ट्विटर अकाउंट 'हैक'

Friday, Dec 09, 2016 - 01:16 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत के फरार कारोबारी विजय माल्या का ट्विटर अकाउंट 'हैक' हो गया है। लीजियन नामक हैकर समूह ने माल्या का ट्विटर अकाउंट 'हैक' कर दिया। हैकरों ने माल्या आधिकार ट्विटर अकाउंट से कई आपत्तिजनक ट्वीट पोस्ट किए हैं। हैकरों ने कुछ लिंक देकर कहा कि इस लिंक से माल्या की निजी संपत्ति, कारोबार, पासपोर्ट इत्यादि की जानकारी ली जा सकती है। हैकरों ने माल्या के ट्वीटर में दो निजी पते और 2 फोन नंबर देकर दावा किया है कि वो माल्या के हैं। इससे पहले इसी समूह ने कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया था।

राहुल के अकाउंट पर किए थे आपत्तिजनक पोस्ट
हैकरों ने राहुल के अकाउंट पर कई आपत्तिजनक पोस्ट कर दी थी। हैकरों ने ट्विटर पर राहुल और गांधी परिवार के लिए आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया था। हालांकि राहुल की टैक टीम ने कुछ ही देर में अकाउंट पर नियंत्रण दोबारा वापस पा लिया था लेकिन अगले ही दिन लीजियन ने कांग्रेस पार्टी का अकाउंट 'हैक' कर लिया। हैकरों ने कांग्रेस और राहुल का ट्विटर अकाउंट हैकर करने के बाद दावा किया था कि उनका किसी भी राजनीतिक दल से लेना-देना नहीं है। उन्होंने ये दावा भी किया था कि उन्होंने कांग्रेस का आधिकार ईमेल अकाउंट भी हैक कर लिया है और नए साल पर उसे तोहफे के तौर पर जारी करेंगे।

Advertising