ट्रोल होने के बाद थरूर ने शेयर की नेहरू की ए​क और तस्वीर, कहा- ये वाली सही है

Wednesday, Sep 25, 2019 - 11:16 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि जवाहर लाल नेहरू एकमात्र ऐसे भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिनका अमेरिका पहुंचने पर हवाईअड्डे पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने अभिनंदन किया था। इससे पहले थरूर ने पूर्व प्रधानमंत्री की कुछ तस्वीरें पोस्ट की थीं जिसके बाद ‘‘ट्विटर पर उन्हें ट्रोल'' किया गया था। 

नेहरू और इंदिरा गांधी की एक तस्वीर पोस्ट कर थरूर ने दावा किया था कि यह तस्वीर अमेरिका में ली गयी थी, जिसके बाद ट्विटर पर वह घिर गये। हालांकि बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि तस्वीर संभवत: रूस की है। कांग्रेस नेता ने प्रथम प्रधानमंत्री और उनकी पुत्री इंदिरा गांधी की तस्वीर ट्वीट की थी, तस्वीर में दोनों लोगों के हुजूम के बीच एक खुले वाहन में हाथ हिलाकर उनका अभिवादन करते दिख रहे हैं। बहरहाल तस्वीर के साथ इंदिरा गांधी का नाम ‘इंडिया गांधी' लिखने के लिये भी लोगों ने उन्हें ट्रोल किया। 

ट्विटर पर छिड़ी बहस पर विराम लगाते हुए थरूर ने दो प्रमाणिक तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि पिछली तस्वीर को लेकर काफी शोर-शराबा मचा था, ये 1949 में नेहरू के अमेरिकी दौरे की ऑथेंटिक तस्वीर है। विसकॉन्सिन युनिवर्सिटी में पंडित जवाहर लाल नेहरू को सुनने के लिए काफी भीड़ इकट्ठा हुई थी। 

इसके कुछ देर बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया कि जवाहर लाल नेहरू अब तक के एकमात्र ऐसे भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिनका अमेरिका पहुंचने पर हवाईअड्डे पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने अभिनंदन किया था। ऐसा दो बार हुआ: पहला 1949 में राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमैन ने किया और 1961 में जॉन एफ कैनेडी ने किया। दोनों ही बार अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने विमान से उतरने पर उनका अभिनंदन किया था।

vasudha

Advertising