टैक्सी में नहीं बिठाया तो भारतीय ड्राइवर को अफ्रीकी लोगों ने पीटा

Monday, May 30, 2016 - 10:48 PM (IST)

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली में आज तड़के आेला कैब के 51 वर्षीय एक चालक को अफ्रीकी लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर पीटा और उसके रुपये लूट लिए। अतिरिक्त डीसीपी (दक्षिण) नूपुर प्रसाद ने कहा कि इस मामले में 26 वर्षीय महिला केफा को गिरफ्तार किया गया है जो रवांडा की रहने वाली है। पांच और लोगों की तलाश की जा रही है। घटना सुबह चार बजे हुई जब चार अफ्रीकी व्यक्ति और दो महिलाओं ने आेला कैब बुक की था और चालक नुरूद्दीन उन्हें लेने गया था। पुलिस ने घटना में शामिल कुछ लोगों के नशे की हालत में होने की संभावना से इंकार नहीं किया है। 


पुलिस अधिकारी ने कहा कि समूह ने दक्षिण दिल्ली के महरौली के राजपुर खुर्द से द्वारका तक के लिए कैब बुक किया था। नुरूद्दीन ने जब चार से ज्यादा लोगों को गाड़ी में बैठाने से मना किया तो समूह के साथ उसकी बहस हो गई। बहस तुरंत लड़ाई में बदल हो गई और समूह ने नुरूद्दीन को पीट दिया। उन्होंने उसके दस हजार रूपये भी कथित तौर पर लूट लिए। अधिकारी ने कहा कि कैब चालक ने केफा को पकड़ लिया लेकिन अन्य फरार हो गए। उसके बाद उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन किया।


नुरूद्दीन के चेहरे पर जम के गहरे निशान थे और उसे छह टांके लगे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘चोट पहुंचाने, गलत तरीके से बंधक बनाने और लूटपाट का मामला दर्ज किया गया है और सभी आरोपियों की पहचान हो गई है।’’  
Advertising