दिल्ली में अफ्रीकी शख्स का मर्डर, कांगो में भारतीयों की दुकानों पर हमले, चली गोलियां

Friday, May 27, 2016 - 08:31 AM (IST)

नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय ने अफ्रीकी देश कांगो की राजधानी किंशाशा में भारतीय प्रतिष्ठानों और दुकानों पर हमले किए जाने तथा गोलियां चलने की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें कुछ भारतीय घायल जरूर हुए हैं, लेकिन बुधवार शाम से स्थिति सामान्य हो गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि किंशाशा में गत 23 और 25 मई को भारतीय प्रतिष्ठानों और दुकानों को चिह्नित करके हमले किए गए जिसमें दो भारतीयों के घायल होने की सूचना है।

उन्होंने कहा कि संभव है ये हमले दक्षिण दिल्ली में कांगो के एक नागरिक की मौत के परिमाणस्वरूप किए गए हों। स्वरूप ने स्पष्ट किया कि किंशाशा में भारतीय दूतावास के अधिकारी स्थानीय अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं और बुधवार शाम के बाद से वहां स्थिति नियंत्रण में है।

उन्होंने कहा कि ऐसी खबर है कि जिन इलाकों में भारतीय रह रहे हैं वहां गोलियां भी चलाई गई हैं, जिनमें एक दंपत्ति घायल हो गया है। हमारे राजदूत ने यह मुद्दा कांगो के विदेश मंत्रालय के समक्ष तुरंत रखा। प्रवक्ता ने भारत और कांगो के संबंधों की दुहाई देते हुए कहा कि दोनों देश ऐसी घटनाओं से रिश्तों में किसी तरह की खटास नहीं आने देंगे। कांगो के अधिकारियों ने भारतीय राजनयिकों को कांगो में रह रहे भारतवासियों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा भी दिलाया है।

Advertising