ग्रुप B और C कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: EPFO का PLB एडवांस पेमेंट मंजूर, 13,816 रुपये तक मिलेगा
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 03:35 PM (IST)

नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने त्योहारी सीजन में अपने 15,000 से अधिक गैर-गजटेड कर्मचारियों के लिए खास राहत योजना की घोषणा की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए मिलने वाले उत्पादकता आधारित बोनस (PLB) का एडवांस भुगतान अब सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। इस राहत के तहत हर कर्मचारी को 13,816 रुपये तक की अग्रिम राशि दी जाएगी, जो उनकी दो महीने की सैलरी के बराबर है।
लाभार्थी कौन होंगे?
इस योजना का लाभ ग्रुप C और ग्रुप B के नियमित (स्थायी या अस्थायी) कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 में कम से कम छह माह सेवा पूरी की हो। हालांकि, जिन कर्मचारियों का मासिक वेतन 7,000 रुपये से अधिक है, उन्हें बोनस की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये तक सीमित रहेगी। रिटायर हो चुके या कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है।
क्यों आवश्यक हैं ये शर्तें?
EPFO ने कर्मचारियों से एक अंडरटेकिंग लेने का निर्णय लिया है जिसमें वे इस अग्रिम बोनस को अंतिम भुगतान से समायोजित करने के लिए सहमति देंगे। यदि बाद में कोई अतिरिक्त राशि प्राप्त होती है, तो उसे वापस करना अनिवार्य होगा। मार्च 2025 में छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों को उनके वेतन और भत्तों के आधार पर एडवांस राशि दी जाएगी।
पेमेंट प्रक्रिया और अंतिम तारीख
संगठन ने अपने सभी कार्यालयों को निर्देश दिया है कि यह अग्रिम भुगतान 30 सितंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाए। साथ ही, इस प्रक्रिया में कितने कर्मचारियों को राशि प्रदान की गई, इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजना अनिवार्य होगा। यह कदम त्योहारी मौसम में कर्मचारियों को आर्थिक रूप से राहत देने के लिए उठाया गया है।