ADR की रिपोर्ट में खुलासा, 7 सांसदों और 199 विधायकों ने नहीं दी पैन की जानकारी

Saturday, Oct 27, 2018 - 12:24 PM (IST)

नई दिल्ली: अगर आपको बैंक में कोई भी ट्रांजैक्शन करना हो या कोई लोन लेना हो तो सबसे पहले आपसे परमानेंट अकाउंट नंबर (पैन) डिटेल मांगी जाती है, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि देश में कई ऐसे सांसद और विधायक हैं, जिनकी पैन डिटेल ही नहीं है। हाल ही में एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। 

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में सात मौजूदा सांसदों और 199 विधायकों ने अपने पैन कार्ड के विवरण घोषित नहीं किए हैं, जिनकी चुनाव के वक्त नामांकन पत्र भरने के लिए जरूरत होती है। इस रिपोर्ट को 542 लोकसभा सांसदों और 4,086 विधायकों के स्थायी खाता संख्या (पैन) के विवरण के विश्लेषण के बाद तैयार किया गया है। संसद और राज्य विधानसभा का चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों को निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष अपने नामांकन पत्रों के साथ अपने हलफनामों में पैन का विवरण भी देना होता है।


एडीआर ने एक बयान में कहा - "पैन विवरण घोषित नहीं करने वाले सबसे अधिक 51 विधायक कांग्रेस के हैं। इसके बाद भाजपा के 42 विधायक और माकपा के 25 विधायक हैं। राज्यवार सबसे अधिक संख्या (33) केरल से है। इसके बाद मिजोरम (28) और मध्य प्रदेश (19) हैं।" दिलचस्प बात यह है कि मिजोरम राज्य विधानसभा में विधायकों की संख्या 40 है, जिसमें से 28 विधायकों ने पैन विवरण नहीं दिया है।     

 

Anil dev

Advertising