एक्टिविस्ट रेहाना फातिमा ने टॉपलेस होकर बच्चों से बनवाई पेंटिंग, FIR दर्ज

Thursday, Jun 25, 2020 - 08:09 PM (IST)

तिरुवनंतपुरमः विवादित कार्यकर्ता रेहाना फातिमा ने अपने नाबालिग बच्चों से अपने अर्द्धनग्न शरीर पर पेंटिंग करवाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि फातिमा ने 2018 में सबरीमला स्थित भगवान अय्यप्पा के मंदिर में प्रवेश करने का भी प्रयास किया था।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि भाजपा के ओबीसी मोर्चा के नेता ए.वी. अरुण प्रकाश की ओर से मंगलवार को मिली शिकायत के आधार पर पतनमतिट्ठा जिले की तिरुवाला पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून और किशोर न्याय कानून के तहत मामला दर्ज किया है। फातिमा ने ‘बॉडी एंड पॉलिटिक्स' (शरीर और राजनीति) शीर्षक से यह तस्वीर पोस्ट की है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस बीच, बाल अधिकार संरक्षण मुद्दे पर केरल के राज्य आयुक्त ने बुधवार को पतनमतिट्ठा जिले के पुलिस प्रमुख से 10 दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है।

पुलिस ने ली घर की तलाशी
पुलिस ने रेहाना फातिमा के आवास की तलाशी ली और उनका मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया। फातिमा का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वह अर्द्धनग्न अवस्था में अपने बच्चे से शरीर पर पेंट करवाती नजर आईं। पुलिस ने कहा कि मामले में जांच का सामना कर रही फातिमा तलाशी के समय अपने घर पर नहीं थीं। उन्होंने बताया, ‘‘फातिमा अपना मोबाइल फोन लिए बिना घर से निकल गयी थी। निगरानी से बचने के लिए शायद उन्होंने यह कदम उठाया था।''

सोशल मीडिया पर ‘‘बॉडी एंड पॉलिटिक्स' शीर्षक से ‘आपत्तिजनक' वीडियो पोस्ट करने के लिए केरल पुलिस की साइबर शाखा ने बच्चों का यौन शोषण से संरक्ष (पॉक्सो) कानून और आईटी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया है।

केरल के बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने मामले में 10 दिन के भीतर पत्तनमथिटा जिला पुलिस प्रमुख से एक रिपोर्ट मांगी है। सुप्रीम कोर्ट ने जब सबरीमला मंदिर में सभी महिलाओं के प्रवेश संबंधी फैसला सुनाया था तो फातिमा ने मंदिर में जाने का प्रयास किया था लेकिन हिंदूवादी कार्यकर्ताओं और भक्तों के विरोध के बाद वह लौट गयी थीं। बाद में उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

Yaspal

Advertising